उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित बीएन कॉलेज के सामने बने प्रसिद्ध हिंगलाज माता मंदिर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. चौंकाने वाली बात यह है कि यह चोरी मंदिर में आयोजित भव्य ‘पाठ उत्सव’ के मात्र तीन दिन बाद हुई है, जिससे स्थानीय भक्तों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
CCTV में कैद हुए तीन नाबालिग चोर

घटना की सूचना मिलने के बाद जब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो चोरी का तरीका देखकर हर कोई दंग रह गया. फुटेज में तीन नाबालिग बच्चे देर रात मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ते हुए साफ नजर आ रहे हैं. ताला तोड़ने के बाद तीनों बच्चे मंदिर के भीतर दाखिल हुए और बड़े इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया.
कीमती आभूषण और दान पात्र पर हाथ साफ
चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर माता के चांदी के छत्र, कीमती आभूषण और वहां रखे अन्य सजावटी सामान को समेट लिया. इतना ही नहीं, उन्होंने मंदिर के दान पात्र (गोलक) का ताला तोड़कर उसमें चढ़ावे के रूप में जमा हजारों रुपये की नकदी भी चोरी कर ली. सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे, तो बिखरा हुआ सामान और टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए.
उत्सव की चकाचौंध बनी वजह?
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन दिन पहले ही मंदिर में माता का विशाल पाठ उत्सव और भंडारा आयोजित किया गया था. इस दौरान माता को विशेष आंगी धराकर कीमती स्वर्ण व रजत आभूषणों से सजाया गया था. आशंका जताई जा रही है कि चोरी करने वाले बच्चे संभवतः भंडारे के दौरान मंदिर आए होंगे और सजावट व आभूषणों को देखकर ही उन्होंने इस चोरी की साजिश रची होगी.
पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और बच्चों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर चोरी गया माल बरामद किया जाए.

