Headlines

प्रतापगढ़: पुलिस लाइन में अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन, IG गौरव श्रीवास्तव ने किया शुभारंभ

प्रतापगढ़ जिला पुलिस के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है. पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में नवनिर्मित अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल का भव्य उद्घाटन किया गया. उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर इस नवनिर्मित भवन का विधिवत शुभारंभ किया.

परंपरा से हटकर नई पहल: प्रशिक्षु अधिकारी से कटवाया फीता

कार्यक्रम के दौरान आईजी गौरव श्रीवास्तव ने एक बेहद सराहनीय और प्रेरक पहल की. उन्होंने उद्घाटन के दौरान अपने साथ डीएसपी प्रशिक्षु (Trainee DSP) को शामिल कर संयुक्त रूप से फीता काटा. आईजी की इस पहल को विभाग में नए अधिकारियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें टीम वर्क व जिम्मेदारी का संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है. इससे पूर्व पुलिस लाइन पहुँचने पर आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पुलिस अधीक्षक सहित उच्चाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

सुविधाओं का जायजा और संसाधनों की समीक्षा

फीता काटने के बाद आईजी ने नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने हॉल में उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों, ऑडियो-विजुअल सिस्टम और बैठक व्यवस्थाओं की सराहना की. इस दौरान उन्होंने प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य से पुलिस लाइन की वर्तमान व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और जवानों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली. आईजी ने संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और पुलिसिंग को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

क्राइम मीटिंग: नशा तस्करी और कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश

उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात आईजी गौरव श्रीवास्तव ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ पहली क्राइम मीटिंग ली. बैठक में उन्होंने जिले में अपराध की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रकरणों और विशेषकर नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि:

  • अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए.
  • वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं.
  • आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाई जाए.

इस अवसर पर जिले के समस्त वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी और पुलिस लाइन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *