Headlines

डूंगरपुर: परीक्षा देकर लौट रही दुल्हन की कार टकराई, मासूम बच्ची सहित 6 घायल

डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के थाणा गांव के पास सोमवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में दोनों कारों में सवार कुल 6 लोग घायल हो गए. घायलों में एक दुल्हन, उसकी सहेली और एक मासूम बच्ची भी शामिल है. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

शादी के अगले ही दिन हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बौखला निवासी कौशल की कल ही शादी हुई थी. कौशल की पत्नी ट्विंकल अपनी सहेली पल्लवी के साथ सोमवार को डूंगरपुर में आयोजित एक परीक्षा देने आई थी. दोपहर को परीक्षा समाप्त होने के बाद कौशल अपनी कार लेकर अपनी भतीजी भाविका के साथ पत्नी को लेने डूंगरपुर पहुंचा था.

थाणा गांव के पास टकराई कारें

जब कौशल अपनी पत्नी, उसकी सहेली और भतीजी को कार में बैठाकर वापस अपने गांव लौट रहा था, तभी थाणा गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार से उसकी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई.

घायलों का अस्पताल में उपचार जारी

इस हादसे में कौशल की पत्नी ट्विंकल, उसकी सहेली पल्लवी और भतीजी भाविका गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कौशल को मामूली चोटें आईं. वहीं, दूसरी कार में सवार 3 लोग भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। कौशल के परिवार के घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरी कार के घायलों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *