Headlines

उदयपुर: बारात में जा रहे युवक की स्कॉर्पियो पलटने से दर्दनाक मौत, 5 साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

उदयपुर : जिले के गोगुंदा क्षेत्र में रविवार सुबह एक खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया. अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने जा रहे एक युवक की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटने से मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि युवक खिड़की से बाहर छिटक कर अपनी ही गाड़ी के नीचे दब गया.

मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गोगुंदा के भूताला गांव निवासी सुरेश मेघवाल (पुत्र ख्याली लाल) सुबह करीब 10:20 बजे अपने गांव से मोडी गांव के लिए बारात में रवाना हुआ था. सुरेश खुद स्कॉर्पियो चला रहा था और उसके साथ 3-4 अन्य युवक भी सवार थे.

गोगुंदा-मोडी रोड पर वणी कट के पास एक तीव्र मोड़ पर स्कॉर्पियो की रफ्तार अधिक होने के कारण सुरेश संतुलन खो बैठा. गाड़ी सड़क पर 3 से 4 बार पलटी. इसी दौरान सुरेश झटके से गाड़ी की खिड़की से बाहर गिरा और अनियंत्रित स्कॉर्पियो उसके ऊपर ही पलट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मृतक सुरेश उदयपुर शहर में कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर का काम करता था. वह विवाहित था और उसकी एक 5 वर्षीय मासूम बेटी है. जिस घर में भाई की शादी को लेकर मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है. गाड़ी में सवार अन्य तीन युवकों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है.

पुलिस की कार्रवाई

गोगुंदा थाने के एएसआई नंदलाल नागदा ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया है और फिलहाल इस संबंध में थाने में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *