Headlines

बांसवाड़ा: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत आनंदपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब से भरी क्रूजर जब्त; तस्कर फरार

बांसवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत आनंदपुरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी एक क्रूजर गाड़ी जब्त की है. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा.

डाण्डव नदी के पास लावारिस मिली गुजरात पासिंग जीप

थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि उदयपुर रेंज आईजी और बांसवाड़ा एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि डाण्डव नदी के किनारे एक संदिग्ध क्रूजर जीप खड़ी है. पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां गुजरात पासिंग नंबर की फोर्स क्रूजर लावारिस हालत में मिली. आसपास तलाशी लेने पर भी चालक का कोई सुराग नहीं लगा.

तलाशी में मिलीं 16 पेटियां शराब

जब पुलिस ने संदिग्ध वाहन की गहराई से तलाशी ली, तो उसमें गुप्त तरीके से रखी गई शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से:

  • 13 कार्टन किंगफिशर बियर (कुल 312 केन)
  • 3 कार्टन देसी प्रिंस मदिरा (कुल 144 पव्वे) जब्त किए.

बरामद की गई इस शराब पर ‘सेल फॉर राजस्थान’ अंकित है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इसे तस्करी के जरिए अन्य राज्यों में खपाने या अवैध रूप से परिवहन करने की योजना थी.

मामला दर्ज, चालक की तलाश में जुटी टीमें

पुलिस ने शराब और क्रूजर वाहन को जब्त कर राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया ह.। मामले की जांच एएसआई कल्याण सिंह को सौंपी गई है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *