उदयपुर नेशनल हाईवे 58-ई पर आवारा वन्यजीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार देर रात नाई थाना क्षेत्र के चोकड़िया गांव के पास अचानक सामने नीलगाय आ जाने से एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया. इस हादसे में युवक के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया.
काम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जगमाल भाकरिया (निवासी कीरत) पेशे से हलवाई हैं. मंगलवार को वे उदयपुर शहर में एक शादी समारोह में अपना काम पूरा करने के बाद बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे. रात करीब 10 बजे जब वे चोकड़िया गांव के पास हाईवे से गुजर रहे थे, तभी अचानक एक नीलगाय दौड़ती हुई सड़क पर आ गई.
बचाव की कोशिश में बिगड़ा संतुलन
हॉस्पिटल में होश आने पर जगमाल ने बताया कि नीलगाय को बचाने के चक्कर में उन्होंने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया. वे सीधे सड़क पर सिर के बल गिरे. हादसे के बाद वहां राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
पुलिस की सतर्कता से बची जान
हादसे की सूचना मिलते ही नाई थाने की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. कांस्टेबल गिरधारी प्रजापत और पप्पू मीणा ने मानवता दिखाते हुए गांव के एक व्यक्ति की मदद ली और घायल जगमाल को बिना समय गंवाए तुरंत नाई हॉस्पिटल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति और सिर में आए गहरे घावों को देखते हुए उन्हें उदयपुर के महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल रेफर कर दिया गया.

