Headlines

उदयपुर: बहन की मौत का बदला लेने के लिए जीजा का मर्डर; जंगल में ले जाकर पत्थर से कुचला सिर

उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र के चोखला गांव में प्रतिशोध और हिंसा का एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक साले ने अपनी बहन की मौत का बदला लेने के लिए अपने ही जीजा का अपहरण किया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

पत्नी की मौत बनी खूनी रंजिश की वजह

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 24 वर्षीय पारू बडेरा की मौत के बाद हुई. पारू की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी. पारू के पीहर पक्ष (मायके वालों) का आरोप था कि उसकी मौत स्वाभाविक नहीं है, बल्कि उसके पति पिंटूलाल और ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है. इसी शक और गुस्से में पीहर पक्ष के लोग हिंसक हो उठे.

पुलिस की मौजूदगी में तोड़फोड़, फिर अपहरण

आरोप है कि मंगलवार को मृतका का भाई अपने कुछ साथियों के साथ पिंटूलाल के घर पहुंचा और वहां जमकर तोड़फोड़ की. सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी वहां से फरार हो गए. लेकिन पुलिस की यह कार्रवाई आरोपियों के हौसले पस्त नहीं कर सकी. अगले दिन आरोपी साला फिर अपने साथियों के साथ जीजा के घर पहुंचा और दिनदहाड़े पिंटूलाल का अपहरण कर उसे जंगल की ओर ले गया.

जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को किडनैपिंग की जानकारी दी. पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन जब तक पुलिस जंगल पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. झाड़ियों के बीच पिंटूलाल का शव अत्यंत क्षत-विक्षत हालत में मिला. आरोपियों ने भारी पत्थर से उसका सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया था.

तीन थानों का जाब्ता तैनात, स्थिति तनावपूर्ण

हत्या की खबर फैलते ही गांव में माहौल गर्मा गया और दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई. हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत ओगणा सहित तीन थानों का अतिरिक्त पुलिस जाब्ता गांव में तैनात कर दिया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में सन्नाटा और खौफ पसरा हुआ है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश देना शुरू कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *