झाड़ोल-उदयपुर नेशनल हाईवे 58-ई पर बुधवार को एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया है. अपनी ही सगाई के दस्तूर (समारोह) की खुशियों के बीच एक युवक की सड़क हादसे में जान चली गई. इस घटना के बाद मृतक के परिवार और पूरे गांव में कोहराम मच गया है। खुशियों वाले घर में अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया है.
दोस्तों को छोड़कर वापस लौट रहा था प्रकाश
जानकारी के अनुसार, माणस निवासी प्रकाश भूदरा के घर पर उसकी सगाई का दस्तूर कार्यक्रम चल रहा था. समारोह में शामिल होने आए अपने कुछ दोस्तों को छोड़ने के लिए प्रकाश अपनी बाइक से झाड़ोल के भीलवाड़ा गया था. दोस्तों को छोड़कर जब वह वापस अपने गांव माणस लौट रहा था, तभी नेशनल हाईवे पर उंडावेला के पास यह भीषण हादसा हो गया.
अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उंडावेला के पास प्रकाश की बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी एक सुरक्षा दीवार से जोरदार तरीके से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रकाश के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
शादी की तैयारियों के बीच पसरा सन्नाटा
हादसे की सूचना मिलते ही झाड़ोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर झाड़ोल अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया. जैसे ही यह खबर प्रकाश के घर पहुंची, वहाँ मौजूद परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जिस घर में कुछ घंटों पहले मंगल गीत गाए जा रहे थे और शादी की चर्चाएं हो रही थीं, वहाँ अब सन्नाटा और शोक व्याप्त है.

