Headlines

उदयपुर: पॉश इलाके में वन विभाग की सर्जिकल स्ट्राइक; घर की तीसरी मंजिल से बरामद हुए दुर्लभ ‘स्टार कछुए’

उदयपुर में वन्यजीव तस्करी और अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. शहर के पहाड़ा क्षेत्र स्थित गणेश नगर (पंजाब नेशनल बैंक वाली गली) में विभाग की टीम ने दबिश देकर एक मकान से दो दुर्लभ ‘इंडियन स्टार कछुए’ (Star Tortoises) बरामद किए हैं. यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर उपवन संरक्षक अजय चितौड़ा के निर्देशन में की गई.

तीसरी मंजिल पर गुप्त रूप से रखे थे कछुए

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग उदयपुर पूर्व रेंज की टीम को सूचना मिली थी कि गणेश नगर के एक मकान में अवैध रूप से कछुए पाल कर रखे गए हैं. सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी रविंद्र सिंह शक्तावत के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची. घर की सघन तलाशी लेने पर तीसरी मंजिल के एक कमरे में दो स्टार कछुए मिले. वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दोनों कछुओं को तुरंत जब्त कर लिया.

एडवोकेट से पूछताछ जारी, बड़े नेटवर्क की आशंका

कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति, एडवोकेट नासीर हुसैन शेख को वन विभाग के कार्यालय बुलाया गया. विभाग यह जांच कर रहा है कि ये कछुए कहां से लाए गए थे और क्या इनके पीछे कोई अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह सक्रिय है. गौरतलब है कि स्टार कछुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार और तंत्र-मंत्र की गतिविधियों में काफी अधिक मांग रहती है, जिसके कारण इनकी बड़े पैमाने पर तस्करी की जाती है.

वन विभाग की टीम ने दिखाई मुस्तैदी

इस सफल कार्रवाई में क्षेत्रीय वन अधिकारी रविंद्र सिंह शक्तावत के साथ गणपत सिंह, भेरूलाल, पुष्पेन्द्र, अनुराधा और दिग्विजय सिंह की अहम भूमिका रही. विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों को बिना अनुमति पालना या व्यापार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल कछुओं को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *