उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त भारी उत्साह देखने को मिला, जब राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ अपने प्रवास पर यहां पहुंचे. राठौड़ के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश था, जिन्होंने सती चौराहे पर उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया.
ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से हुआ अभिनंदन

जैसे ही राजेंद्र सिंह राठौड़ झाड़ोल के सती चौराहे पर पहुंचे, वहां मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया. कार्यकर्ताओं ने न केवल ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया, बल्कि जमकर आतिशबाजी भी की. स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और साफा पहनाकर राठौड़ का अभिनंदन किया. इस दौरान राठौड़ ने भी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया.
ग्राम विकास रथ और रात्रि चौपाल
स्वागत कार्यक्रम के समापन के बाद राजेंद्र राठौड़ झाड़ोल क्षेत्र के आमडा और डय्या गांवों के लिए रवाना हुए. वे यहां आयोजित ‘ग्राम विकास रथ’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. राठौड़ इन गांवों में रात्रि चौपाल के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे. इस संवाद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को समझना, क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करना और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाना है.
मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा
अपने प्रवास के दौरान राठौड़ कोल्यारी गांव का भी दौरा करेंगे. यहां वे मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर बनाए जा रहे हेलीपैड स्थल का बारीकी से निरीक्षण करेंगे. प्रशासन और स्थानीय संगठन मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए तैयारियों में जुटा है, जिसकी कमान स्वयं राठौड़ ने संभाल रखी है.

