उदयपुर शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में रविवार देर रात कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. घटना फतेहपुरा चौराहे की है, जहाँ आपसी विवाद के बाद करीब 8 से 10 युवकों ने एक युवक को दौड़ा-दौड़ा कर चाकू मारे. घायल युवक को गंभीर अवस्था में एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बिना कारण शुरू किया विवाद
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अंकित नायक रात करीब 12 बजे अपने दोस्त पीयूष साहू के साथ गुटखा लेने के लिए फतेहपुरा चौराहे पर रुका था. इसी दौरान दो कारों और एक बाइक पर सवार होकर आए करीब 10 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. हमलावरों ने अंकित से “कहाँ के रहने वाले हो” पूछकर बेवजह उलझना शुरू कर दिया. विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी और बीच-बचाव करने आए पीयूष को भी थप्पड़ मारे.
चौराहे पर मची अफरा-तफरी
स्थिति बिगड़ती देख पीयूष अपनी जान बचाकर बाइक से मौके से निकल गया. इसके बाद बदमाशों ने अंकित को निशाना बनाया. जान बचाने के लिए अंकित चौराहे पर भागता रहा, लेकिन हमलावर चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ते रहे और उस पर ताबड़तोड़ वार किए. शरीर के कई हिस्सों और सिर पर चोट लगने के कारण अंकित लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. अंकित का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी और वह हमलावरों को पहचानता भी नहीं है. पुलिस अब फतेहपुरा चौराहे और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके. फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

