डूंगरपुर जिले के कुंआ थाना क्षेत्र के धनगांव में पारिवारिक कलह के चलते एक जीजा द्वारा अपने ही साले पर चाकू से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस खूनी संघर्ष में साला गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं, बीच-बचाव करने आया आरोपी का साढू भी इस हमले में मामूली रूप से चोटिल हुआ है. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
बहन को लेने ससुराल गया था भाई
मिली जानकारी के अनुसार, लिखतिया गांव निवासी अल्पेश डेंडोर अपनी बहन कोकिला को पीहर ले जाने के लिए धनगांव स्थित उसके ससुराल गया था. बहन के घर में चल रहे पारिवारिक विवाद को देखते हुए अल्पेश की मदद के लिए उसका दूसरा जीजा शांतिलाल भी उसके साथ आया था. दोनों जब धनगांव पहुंचे और कोकिला को अपने साथ ले जाने की बात कही, तो कोकिला का पति दिनेश पारगी आगबबूला हो गया और विवाद बढ़ गया.
पीछे से किया चाकू से ताबड़तोड़ वार
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी दिनेश पारगी अपना आपा खो बैठा. उसने तैश में आकर पीछे से अपने साले अल्पेश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. अचानक हुए इस जानलेवा हमले में चाकू के सीधे वार लगने से अल्पेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. साले को लहूलुहान देख जब दिनेश का साढू शांतिलाल उसे बचाने के लिए बीच में आया, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसे भी चोटें आईं.
जिला अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी
चीख-पुकार सुनकर मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत कुंआ अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद अल्पेश की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इधर, सूचना पर पहुंची कुंआ थाना पुलिस ने घटना की जानकारी ली और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

