Headlines

डूंगरपुर अस्पताल में बड़ी लापरवाही: महिला मरीज को चढ़ाई दो महीने पुरानी एक्सपायरी डेट की ड्रिप, मचा हड़कंप

डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के श्रीहरिदेव जोशी जिला अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं को शर्मसार करने वाली एक गंभीर लापरवाही सामने आई है. अस्पताल के महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज को एक्सपायरी डेट की ड्रिप चढ़ा दी गई. मामला उजागर होते ही परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार, नगर परिषद के निवर्तमान पार्षद नरेश यादव की पत्नी अपेक्षा यादव को पेट दर्द की शिकायत के बाद 27 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने जांच के बाद अपेंडिक्स की समस्या बताई और ऑपरेशन के लिए उन्हें महिला सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया.

नरेश यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वे अस्पताल पहुंचे, तो उनकी पत्नी को ड्रिप चढ़ाई जा रही थी. इस दौरान अचानक उनकी नजर ड्रिप की बोतल पर पड़ी, जिस पर एक्सपायरी डेट मार्च 2026 अंकित थी. यानी मरीज को करीब दो महीने पुरानी एक्सपायरी डेट की सोडियम क्लोराइड ग्लूकोज ड्रिप चढ़ा दी गई. लापरवाही का पता चलते ही जब परिजनों ने विरोध जताया, तो नर्सिंग स्टाफ ने आनन-फानन में ड्रिप हटाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने साक्ष्य के तौर पर उसे हटाने से रोक दिया.

जांच कमेटी गठित, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष कमेटी गठित कर दी गई है. उन्होंने कहा कि यह किसकी लापरवाही से हुआ, इसकी पूरी पड़ताल की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी. फिलहाल राहत की बात यह है कि मरीज की तबीयत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने अस्पताल के पूरे स्टॉक की जांच भी शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *