Headlines

बांसवाड़ा: टामटिया आगजनी व लूटपाट मामले में 10 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 48 पहुंचे जेल

बांसवाड़ा: टामटिया गांव में पिछले दिनों हुई भीषण आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में मोटागांव थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर जोशी के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में 10 और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस संवेदनशील मामले में पुलिस अब तक कुल 48 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है.

प्रेम प्रसंग में हत्या के बाद भड़की थी हिंसा

पुलिस अनुसंधान के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत गत 26 अप्रैल 2026 को एक प्रेम प्रसंग के चलते हुई युवक की हत्या के बाद हुई थी. हत्या से आक्रोशित होकर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने टामटिया गांव में पीड़ित कालूराम कटारा के परिवार को निशाना बनाया. लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस उपद्रवियों ने पीड़ित परिवार के मकानों पर हमला बोल दिया. हमलावरों ने न केवल महिलाओं और पुरुषों के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि घरों में रखे सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान भी लूट लिए. इसके बाद उग्र भीड़ ने टामटिया गांव में घरों, दुकानों और वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया था, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया था.

विशेष टीम ने दी दबिश, 10 और दबोचे

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर जोशी और एएसपी कानसिंह भाटी के सुपरविजन में मोटागांव थानाधिकारी रमेशचंद्र पाटीदार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर घटना में शामिल 10 और आरोपियों को गिरफ्तार किया।.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम: सूरजमल, प्रकाशचंद्र, कालूराम, नाथूलाल, चेतनराम, हीरालाल, मुना उर्फ मुन्नालाल, कालूराम, लक्ष्मण और राम उर्फ रमेश.

मोटागांव थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है. मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जिन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *