डूंगरपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से चलाई जा रही सड़क सुरक्षा मुहिम के तहत चितरी थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 वाहनों को डिटेन किया और उन पर अवैध रूप से लगाए गए लोहे के भारी जंगलों को मौके पर ही कटर मशीन से कटवाकर हटवा दिया. इन सभी वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सख्त कार्रवाई की गई है.
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम
चितरी थानाधिकारी (सीआई) रतनलाल जटिया ने बताया कि वाहनों की मूल संरचना में अवैध रूप से फेरबदल कर लोहे के जंगले लगाना कानूनन अपराध है और इससे हादसों का खतरा बना रहता है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने विशेष नाकाबंदी कर नियमों को ताक पर रखने वाले वाहनों को रोका. मौके पर ही कटर मंगवाकर 11 वाहनों से इन अवैध जंगलों को पूरी तरह से हटा दिया गया और नियमानुसार चालान बनाए गए.
काली फिल्म और दोषपूर्ण नंबर प्लेट पर भी चला चाबुक
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने केवल जंगलों पर ही नहीं, बल्कि यातायात के अन्य नियमों को तोड़ने वालों पर भी चौतरफा शिकंजा कसा. पुलिस ने नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने और दोषपूर्ण पंजीकरण चिह्न वाले 38 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की. इसके साथ ही, वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगाकर घूमने वाले 13 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई.
प्रेशर हॉर्न और अनाधिकृत लिखावट पर एक्शन
थानाधिकारी ने आगे बताया कि अपने वाहनों पर अनाधिकृत चिह्न या नियम विरुद्ध तरीके से लिखवाने वाले 12 वाहनों पर भी एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई हुई. वहीं, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और राहगीरों को चौंकाने वाले तेज प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न का उपयोग करने वाले 1 वाहन के खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया गया. पुलिस ने इन सभी मामलों में मौके पर ही चालान काटकर भारी जुर्माना भी वसूला है. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है.

