Headlines

डूंगरपुर: बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, SE दफ्तर में घुसे कांग्रेसी, विधायक गणेश घोगरा और पुलिस में धक्का-मुक्की

डूंगरपुर बिजली कटौती और अघोषित पावर कट को लेकर डूंगरपुर जिले में सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है. गांवों में 16-16 घंटे छाए अंधेरे और भीषण गर्मी से परेशान जनता की आवाज उठाने पहुंचे डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा आज बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) कार्यालय में फूट पड़ा. SE के चैंबर से बाहर न आने पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने दफ्तर में जबरन घुसने का प्रयास किया, जिससे मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब 5 मिनट तक हाई-वोल्टेज ड्रामा और जमकर धक्का-मुक्की हुई.

SE दफ्तर में जबरन घुसे कांग्रेसी, भारी हंगामा

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से हो रही भारी बिजली कटौती के विरोध में विधायक गणेश घोगरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SE कार्यालय का घेराव किया था. प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि SE खुद बाहर आकर जनता की सुध लें। लेकिन जब अधिकारी बाहर नहीं आए, तो कार्यकर्ताओं का सब्र टूट गया. उन्होंने बैरिकेडिंग और पुलिस घेरे को तोड़कर दफ्तर के अंदर घुसने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया.

भजनलाल सरकार पर बरसे विधायक घोगरा

भारी हंगामे और आक्रोश को देखते हुए आखिरकार बंद कमरे में विधायक और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई. इसके बाद SE ने खुद बाहर आकर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि अगले 3 दिनों के भीतर जिले की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा. इस लिखित और मौखिक आश्वासन के बाद ही कांग्रेस ने अपना धरना समाप्त किया.

मीडिया से बातचीत में विधायक गणेश घोगरा ने प्रदेश की भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला. घोगरा ने कहा:

“इस भीषण गर्मी में ग्रामीण इलाकों के लोग 16-16 घंटे बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं. जनता बेहाल है, पानी और बिजली के लिए त्राहि-त्राहि मची है, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार और प्रशासन कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं. अगर 3 दिन में सुधार नहीं हुआ, तो इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन किया जाएगा.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *