Headlines

प्रतापगढ़: नशा तस्करों पर प्रशासन का शिकंजा, टोनी के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों और अपराधियों के खिलाफ प्रशासन का सख्त ‘बुलडोजर एक्शन’ लगातार जारी है. तस्करी के लिए बदनाम देवल्दी गांव में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है. इस बार पुलिस और प्रशासनिक अमले ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर शाहरुख खान उर्फ टोनी के उस अवैध फार्म हाउस को मलबे में तब्दील कर दिया, जिसे उसने कथित रूप से मंदिर की करीब सवा बीघा जमीन पर कब्जा कर बनाया था.

पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश में हुआ था गिरफ्तार

आरोपी शाहरुख उर्फ टोनी लंबे समय से पुलिस की रडार पर था. इसी साल 17 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक (SP) बी. आदित्य के निर्देशन में जब पुलिस टीम उसे पकड़ने देवल्दी गांव पहुंची, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया था. हालांकि, मुस्तैद पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया. उसके पास से एक पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और बाइक बरामद हुई थी, जिसके बाद से वह जेल में बंद है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शाहरुख पर विभिन्न थानों में मादक पदार्थ तस्करी सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.

भारी पुलिस जाब्ते के बीच चला पीला पंजा

प्रशासनिक टीम की मुस्तैदी:

मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद गुरुवार को अरनोद तहसीलदार नितिन मेरावत और थाना अधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा.

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए SP बी. आदित्य के निर्देश पर वर्दीधारी जवानों के साथ सादी वर्दी में भी खुफिया पुलिस तैनात की गई थी.

किसी समय देवल्दी गांव में पुलिस के प्रवेश का भी कड़ा विरोध होता था, लेकिन एक सप्ताह में हुई दो बैक-टू-बैक बुलडोजर कार्रवाइयों ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन के इस कड़े रुख से तस्करी नेटवर्क पूरी तरह दबाव में है और अपराधियों के बीच खौफ का माहौल है. लोगों को उम्मीद है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से देवल्दी की पहचान तस्करी के गढ़ के बजाय अब कानून के राज वाले गांव के रूप में स्थापित होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *