उदयपुर लेक सिटी उदयपुर की मशहूर फतेहसागर झील से इस वक्त की एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. शुक्रवार दोपहर को झील में एक पर्यटक ने बोटिंग शुरू होने से ठीक पहले अचानक पानी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और बोटिंग पॉइंट पर मौजूद लोग सन्न रह गए.
लाइफ जैकेट उतारकर झील में कूदा पर्यटक
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे अंबामाता थाना पुलिस को सूचना मिली कि मोती मगरी के सामने स्थित उज्जैन बोटिंग पॉइंट पर एक पर्यटक आया था. उसने बोटिंग के लिए टिकट लिया और नियमानुसार लाइफ जैकेट पहनकर बोट में जाकर बैठ गया. अभी बोट स्टार्ट होने ही वाली थी कि अचानक उस पर्यटक ने अपने शरीर से लाइफ जैकेट को उतारा और तेजी से फतेहसागर झील के गहरे पानी में छलांग लगा दी.
सिविल डिफेंस की टीम ने 15 मिनट में ढूंढा शव
घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस) उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के आदेश पर तुरंत रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया. नागरिक सुरक्षा की जांबाज टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंची और बिना वक्त गंवाए झील में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. गोताखोरों ने भारी मशक्कत करते हुए मात्र 15 मिनट के भीतर ही गहरे पानी से शख्स को ढूंढ निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। टीम ने शव को बाहर निकालकर अंबामाता थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है.
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल
इस त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन में नागरिक सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ सहायक गोविंद जगरवाल, अनुभवी गोताखोर विपुल चौधरी, नरेश चौधरी, विजय नकवाल, कैलाश गमेती, मुकेश सेन, वाहन चालक मोहन सिंह राणावत और बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फिलहाल अंबामाता थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पर्यटक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया.

