प्रतापगढ़ जिले के सालमगढ़ थाना क्षेत्र के पिंकथली गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहाँ खेत पर कृषि कार्य करते समय एक जहरीले जीव के काटने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
खेत पर माता-पिता के साथ हाथ बंटा रही थी मृतका
जानकारी के अनुसार, पिंकथली निवासी 15 वर्षीय कल्पना मीणा पुत्री कैलाश मीणा गुरुवार देर शाम अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत पर कृषि कार्य कर रही थी. इसी दौरान अचानक उसे किसी अत्यधिक जहरीले जीव ने काट लिया. जीव के काटते ही कल्पना की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गई.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में कल्पना को गंभीर हालत में तुरंत उप स्वास्थ्य केंद्र दलोट लेकर पहुंचे. जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ. स्थिति नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे तुरंत जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ के लिए रेफर कर दिया. लेकिन दुर्भाग्यवश, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कल्पना ने दम तोड़ दिया.
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी कल्पना
घटना की सूचना पर शुक्रवार सुबह सालमगढ़ थाना पुलिस जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंची. पुलिस ने मृतका के पिता कैलाश मीणा की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया है. मामले की जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार कर रहे हैं. बताया गया कि मृतका कल्पना ने हाल ही में 11वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी. परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद साधारण है और माता-पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है

