बाँसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र के सागा गांव में बीती रात एक जन्मदिन पार्टी के दौरान जमकर हंगामा हो गया. शराब के नशे में शोर-शराबा और हुड़दंग मचा रहे युवकों की हरकतों से परेशान होकर ग्रामीणों ने उनकी धुनाई कर दी. इस झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) में भर्ती कराया गया है. वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए लूटपाट के आरोपों को पुलिस ने शुरुआती जांच में पूरी तरह खारिज कर दिया है.
परिजनों का आरोप: पत्थरों से हमला कर लूटे ₹10,000
अस्पताल में भर्ती सुभाष नगर सामरिया निवासी रौनक पुत्र रामजी बीती रात अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने सागा गांव गया था. पीड़ित के भाई दिलीप मईड़ा ने आरोप लगाया कि देर रात जब वे लौट रहे थे, तब गरनावट के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने रौनक की बाइक पर पथराव कर दिया. बाइक से गिरने के बाद बदमाशों ने उसे बेरहमी से पीटा और उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए. परिजन उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे.
हुड़दंग मचाने पर ग्रामीणों ने युवकों को पीटा
मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पूरी कहानी बदल गई. हेड कांस्टेबल केशवचंद ने बताया कि करीब 10 से 15 युवकों का एक समूह देर रात सागा गांव के पास शराब पीकर तेज आवाज में हुड़दंग मचा रहा था. आधी रात को इस शोर से परेशान ग्रामीणों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो युवक उनसे उलझ गए. विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर हुड़दंगियों की पिटाई कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया. पुलिस ने साफ किया कि लूटपाट जैसी कोई वारदात नहीं हुई है और यह महज एक अफवाह है.
पुलिस जांच में जुटी
सदर थाना पुलिस परिजनों के आरोपों और ग्रामीणों के दावों दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

