Headlines

प्रतापगढ़: घर में संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का शव, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के भंवर सेमला गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसी के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला. मृतक के गले में रस्सी का फंदा था और मुंह से खून निकल रहा था. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या कर शव घर में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है.

कमरे के फर्श पर खून से लथपथ मिला शव

जानकारी के अनुसार, भंवर सेमला निवासी मोहन मीणा बुधवार सुबह अपने ससुराल वीरपुर गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह देर रात तक वापस नहीं लौटा. गुरुवार सुबह जब उसके पिता फूलचंद मोहन के कमरे की तरफ गए, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. मोहन कमरे के फर्श पर मृत अवस्था में पड़ा था. उसके गले में रस्सी बंधी थी और मुंह से खून बह रहा था. परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना सुहागपुरा थाना पुलिस को दी.

पारिवारिक विवाद और हत्या की आशंका

सुहागपुरा थाने के जांच अधिकारी भंवरलाल ने बताया कि मृतक के पिता फूलचंद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, मोहन का विवाह करीब 5 वर्ष पूर्व वीरपुर गांव में हुआ था और उनके दो बच्चे हैं. पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते करीब 3 महीने पहले उसकी पत्नी बच्चों को लेकर अपने पीहर चली गई थी. परिजनों का सीधा आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मोहन के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को उसके ही घर में लाकर छोड़ दिया.

मृतक मोहन पेशे से जेसीबी मैकेनिक था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *