बांसवाड़ा भारतीय जनता पार्टी द्वारा शहर के हरिदेव जोशी रंगमंच पर ‘विकसित भारत संकल्प प्रबुद्ध जन सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया. राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार बांसवाड़ा प्रवास पर पहुंचे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों के साथ ऐतिहासिक स्वागत एवं अभिनंदन किया.
विकसित भारत के लिए प्रबुद्ध वर्ग का आगे आना जरूरी: सतीश पूनिया
सम्मेलन के मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने समाज के प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि देश को विकास की नई और बुलंद ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए समाज के बुद्धिजीवियों, डॉक्टरों, शिक्षाविदों और वकीलों का मार्गदर्शन व सक्रिय सहभागिता बेहद जरूरी है. पूनिया ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन और संकल्प को धरातल पर साकार करने के लिए अपनी महती भूमिका निभाएं.
अंतिम छोर तक योजनाएं पहुंचाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण, संगठन सुदृढ़ीकरण तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति (अंत्योदय) तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प दोहराया.
वरिष्ठ नेताओं और प्रबुद्ध जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मंच पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा, नाहर सिंह जोधा, पूँजीलाल गायरी सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे. रंगमंच पर आयोजित इस सम्मेलन में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखा गया.

