Headlines

डूंगरपुर: पेट्रोल पंप पर ‘फ्यूल थेफ्ट’; 2550 का डीजल भरवाकर बिना नंबर प्लेट की कार रफूचक्कर, CCTV में कैद हुई वारदात

डूंगरपुर शहर के व्यस्त और मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर बीती रात ‘फ्यूल थेफ्ट’ (ईंधन चोरी) का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ एक सफेद रंग की कार के चालक ने पेट्रोल पंप कर्मियों को चकमा देकर ₹2550 का डीजल भरवाया और बिना पैसे दिए गाड़ी भगाकर रफूचक्कर हो गया. यह पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुट गई है.

डीजल भरते ही दबाया एक्सीलेटर

मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात ठीक 12:00 बजे की है. बस स्टैंड स्थित नेहा पेट्रोल पंप पर एक सफेद रंग की कार आकर रुकी. कार सवार बदमाशों ने वहां मौजूद पंप कर्मी को डीजल भरने को कहा. कर्मी ने कार के टैंक में ₹2550 का डीजल भर दिया. जैसे ही डीजल भरने के बाद नोजल गाड़ी से बाहर निकला और कर्मी पैसे लेने के लिए चालक की तरफ बढ़ा, वैसे ही शातिर कार चालक ने तेजी से एक्सीलेटर दबाया और गाड़ी लेकर हवा हो गया.

बिना नंबर की कार से आए थे बदमाश

पेट्रोल पंप संचालक भुवनेश ननोमा ने बताया कि कार के भागते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा भी किया, लेकिन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कार चालक उनकी आंखों से ओझल होने में कामयाब रहा. प्राथमिक जांच और फुटेज देखने पर सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से ही पूरी प्लानिंग कर रखी थी, क्योंकि कार के आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी.

पीड़ित पेट्रोल पंप संचालक ने इस शातिराना चोरी के संबंध में कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई है. कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और बिना नंबर की इस संदिग्ध कार और अज्ञात बदमाशों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *