
प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नीमच रोड पर एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक 21 वर्षीय युवक ने शराब के नशे में कमरे के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य उमस और बिजली गुल होने के कारण कमरे के बाहर बरामदे में सो रहे थे. पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है.
बिजली गुल होने पर बाहर सोया था परिवार
कोतवाली थाने के जांच अधिकारी कृष्णपाल ने बताया कि मूल रूप से बिहार के दिउल जगदीशपुर निवासी राजेश शाह ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है. राजेश शाह अपने परिवार के साथ पिछले 5 वर्षों से नीमच रोड पर एक किराए का फ्लैट लेकर रह रहे हैं और पूरा परिवार यहाँ मजदूरी का कार्य करता है.
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, राजेश के पांच बेटा-बेटियों में सबसे बड़ा बेटा कालू (21) भी उनके साथ ही रहता था. बीती रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान बिजली गुल हो जाने के कारण उमस से बचने के लिए परिवार के अन्य सदस्य बाहर बरामदे में जाकर सो गए, जबकि कालू अंदर कमरे में ही सो रहा था.
सुबह जाली हटाकर बच्चे को भेजा अंदर
सुबह जब परिवार के लोग जागे और उन्होंने कालू के कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. इस पर उन्होंने कमरे की एक छोटी जाली को हटाया और एक छोटे बच्चे को अंदर भेजा. बच्चे ने अंदर जाकर जब मुख्य दरवाजा खोला, तो सामने का मंजर देख सबकी रूह कांप गई. कालू कमरे में साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका हुआ था.
शराब के नशे में था युवक, कारणों की जांच जारी
परिजनों ने आनन-फानन में कालू को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पिता के अनुसार, बीती रात कालू शराब के नशे में था। हालांकि, आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.

