Headlines

बांसवाड़ा: बागीदौरा में निर्माणाधीन मकान पर खूनी संघर्ष; मुनीम ने नाबालिग को काम पर रखने से मना किया, तो पिता ने सिर पर दे मारा फावड़ा

बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा थाना क्षेत्र के एक निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. यहाँ एक नाबालिग को काम पर रखने से मना करने पर उपजे विवाद में, किशोर के पिता ने साइट पर देखरेख कर रहे मुनीम (ठेकेदार) के सिर पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में मुनीम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है.

उम्र कम होने के कारण काम देने से किया था इनकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमीरपुरा निवासी करण पुत्र प्रभु बागीदौरा कस्बे में चल रहे एक मकान के निर्माण कार्य पर बतौर मुनीम और ठेकेदार के रूप में देखरेख कर रहा था. इसी दौरान निर्माण साइट पर एक किशोर मजदूरी के लिए काम मांगने आया. मुनीम करण ने किशोर की उम्र कम (नाबालिग) होने के कारण उसे काम पर रखने से साफ मना कर दिया और वहां से भेज दिया.

आक्रोशित पिता ने आते ही शुरू कर दी मारपीट

ठेकेदार द्वारा काम न दिए जाने से नाराज नाबालिग तुरंत अपने घर पहुंचा और पूरी बात अपने पिता को बताई. इस बात से आक्रोशित होकर किशोर का पिता तुरंत निर्माण साइट पर पहुंचा. उसने आते ही मुनीम करण के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद इतना बढ़ गया कि मजदूर के पिता ने आव देखा न ताव, पास ही पड़ा एक नुकीला फावड़ा उठाया और करण के सिर पर जोरदार वार कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से करण मौके पर ही लहूलुहान होकर तड़पने लगा.

पुलिस का पक्ष: रिपोर्ट मिलते ही होगी सख्त कार्रवाई

कलिंजरा थानाधिकारी हरिओम सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह वारदात दोपहर करीब 1 बजे की है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाल श्रम को बढ़ावा न देने और उम्र कम होने के कारण ठेकेदार ने मना किया था, जिससे गुस्साए पिता ने इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया. थानाधिकारी ने बताया कि घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है. पुलिस को अभी तक इस मामले में परिजनों की ओर से लिखित रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है. रिपोर्ट मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *