बांसवाड़ा जिले में अपराधियों और अवैध मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ रविवार को अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया गया. पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर जोशी के निर्देशन में जिलेभर में ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2’ और ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत एक दिवसीय ‘एरिया डॉमिनेशन’ विशेष अभियान चलाया गया. इस मेगा कार्रवाई में पुलिस की 54 टीमों ने एक साथ 311 चिन्हित ठिकानों पर दबिश देकर कुल 175 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे अभियान में 231 पुलिसकर्मी शामिल रहे.
अवैध शराब भट्टियों पर चला पुलिस का बुलडोजर
उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशों पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जा रहा है.’ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत आबकारी अधिनियम में 13 मामले दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 129 लीटर अवैध देशी हथकढ़ शराब और 45 बोतल बीयर बरामद की. इसके अलावा, पुलिस ने 56 अवैध देशी हथकढ़ शराब की भट्टियों को तोड़कर करीब 4655 लीटर महुआ वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया. वहीं, थाना सदर पुलिस ने आर्म्स एक्ट में एक आरोपी को तलवार के साथ दबोचा.
कार्रवाई का पूरा रिपोर्ट कार्ड (गिरफ्तारियों का आंकड़ा):
विशेष अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में हुई गिरफ्तारियों का विवरण इस प्रकार है:
- स्थाई वारंटी व उद्घोषित अपराधी: 335 BNSS के तहत 6 आरोपी गिरफ्तार.
- चेक बाउंस (138 NI Act): मामले में वांछित 5 आरोपियों की गिरफ्तारी.
- गिरफ्तारी वारंट व वांछित: लंबे समय से फरार चल रहे 4 वारंटी और अन्य मामलों में 7 वांछित आरोपी दबोचे गए.
- प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 149 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
- हिस्ट्रीशीटरों पर नजर: जिले के 38 हिस्ट्रीशीटरों की अचानक चेकिंग कर उनकी गतिविधियों को जांचा गया. इसके अलावा लूट, चोरी और नकबजनी के 83 अपराधियों को थाने लाकर पूछताछ की गई.
एसपी सुधीर जोशी (IPS) ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए यह विशेष ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान चलाया गया था. भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

