Headlines

प्रतापगढ़: NH-56 पर बल्कर ने बाइक को मारी टक्कर, 21 वर्षीय युवक की मौके पर मौत; परिजनों में कोहरा

प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. धमोतर थाना क्षेत्र के बावड़ीखेड़ा गांव के पास गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट से भरे एक बल्कर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

घर से महज 500 मीटर दूर हुआ हादसा

धमोतर थाना क्षेत्र के बावड़ी खेड़ा निवासी मुकेश मीणा ने बताया कि उसका बड़ा भाई ओमप्रकाश (21) पुत्र रघुनाथ मीणा देवगढ़ क्षेत्र के कमलिया खोरी गांव में अपने मामा के यहां मांगलिक कार्यक्रम में गया था. देर रात वह वहां से लौट रहा था. ओमप्रकाश बाइक पर अकेला आगे चल रहा था, जबकि बाकी परिजन दूसरे वाहनों से पीछे आ रहे थे. घर से महज 500 मीटर पहले NH-56 पर रॉन्ग साइड से आए बल्कर ने उसे कुचल दिया. पीछे आ रहे परिजनों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था ओमप्रकाश

  • जिम्मेदारी: मृतक ओमप्रकाश जोधपुर में मजदूरी कर पूरे परिवार का पालन-पोषण करता था. चार भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर पर था.
  • शादी: महज तीन वर्ष पूर्व ही उसका विवाह हुआ था। उसकी असमय मौत से पत्नी और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

मुआवजे और नौकरी की मांग, आंदोलन की चेतावनी

सूचना मिलने पर धमोतर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बल्कर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है. इधर, घटना से आक्रोशित मृतक के जीजा राहुल मीणा और ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए. मांगें पूरी नहीं होने पर परिजनों ने उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *