Headlines

उदयपुर: आतंक मचाने वाली झपटमार गैंग का पर्दाफाश, सविना पुलिस ने 3 शातिर बदमाशों को दबोचा, 2 बाल अपचारी डिटेन

उदयपुर शहर में राहगीरों और महिलाओं से मोबाइल, पर्स व बैग झपटने की बढ़ती वारदातों पर सविना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस ने एक संगठित झपटमार गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को डिटेन किया है. आरोपियों ने पूछताछ में शहर के अलग-अलग इलाकों में झपटमारी की 10 वारदातें कबूल की हैं.

मौज-मस्ती और शराब पार्टी के लिए करते थे वारदात

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी (नगर पूर्व) छवि शर्मा के सुपरविजन में सविना थानाधिकारी गजवीरसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. जांच में सामने आया कि ये आरोपी अपने गांवों से शाम के समय मोटरसाइकिल पर सवार होकर उदयपुर शहर आते थे. इनका मुख्य मकसद मौज-मस्ती और शराब पार्टी के लिए पैसे जुटाना था. ये शातिर बदमाश एक ही दिन में शहर के कई इलाकों में झपटमारी करते और रात को वापस अपने गांव भाग जाते थे.

इन इलाकों को बनाया निशाना, झाडोल के हैं आरोपी

इस शातिर गैंग ने शहर के गोवर्धनविलास, सेक्टर-14, चेतक सर्कल, उदियापोल, रामपुरा और सेक्टर-11 जैसे व्यस्त और रिहायशी इलाकों में महिलाओं तथा राहगीरों को अपना निशाना बनाया था. पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से झाडोल क्षेत्र निवासी जितेन्द्र उर्फ जेबला, हंसमुख और कमलेश को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और इनके खिलाफ लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट तथा आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं.

अन्य वारदातों के खुलने की उम्मीद

सविना थानाधिकारी गजवीरसिंह की सक्रिय मॉनिटरिंग और टीम समन्वय के कारण इस पूरी गैंग को दबोचने में कामयाबी मिली है. इस बड़ी सफलता से शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से सघन पूछताछ जारी है, जिससे शहर में हुई कुछ अन्य चोरी और झपटमारी की वारदातों का खुलासा होने की भी पूरी संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *