Headlines

प्रतापगढ़: ड्रग्स माफिया पर पुलिस का बड़ा प्रहार: तस्कर शाहज़ेब की 2.10 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

प्रतापगढ़ मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित काली कमाई के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में कुख्यात तस्कर नौगांवा निवासी शाहज़ेब खान और उसके परिवार की करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है. यह कार्रवाई कंपीटेंट अथॉरिटी, नई दिल्ली के आदेश पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत की गई है.

मां और पत्नी के नाम पर बनाई थी काली कमाई से संपत्ति

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शाहज़ेब खान ने तस्करी के पैसे से अपनी मां यासमीन और पत्नी के नाम पर गांव में एक आलीशान मकान और दो बड़े फार्म हाउस बना रखे थे. अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इन संपत्तियों पर सरकारी ‘फ्रीजिंग बोर्ड’ लगा दिए हैं. इसके अलावा तस्कर के परिवार की तीन कारें और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं.

अहमदाबाद ड्रग्स केस से जुड़े हैं तार, पूरा परिवार तस्करी में लिप्त

इस बड़ी कार्रवाई के तार पिछले साल फरवरी में अहमदाबाद में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) द्वारा पकड़ी गई ड्रग्स से जुड़े हैं. जांच में सामने आया था कि वह ड्रग्स शाहज़ेब और उसकी मां यासमीन ने सप्लाई की थी. शाहज़ेब फिलहाल अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है. पुलिस के अनुसार, शाहज़ेब का पिता शमशेर खान भी पुराने मामलों में लिप्त रहा है, जबकि उसका भाई समीर खान अरनोद थाने का वांछित आरोपी है.

पुलिस ने इस पूरे परिवार के बैंक खातों और वित्तीय गतिविधियों की गोपनीय जांच के बाद यह कड़ा कदम उठाया है. इस कार्रवाई से इलाके के ड्रग्स माफियाओं में हड़कंप मच गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कमाई से संपत्ति बनाने वाले तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *