Headlines

उदयपुर: पौधों की आड़ में सीक्रेट बॉक्स बनाकर ₹25 लाख की शराब तस्करी, पुलिस ने पकड़ा ट्रक

उदयपुर राजस्थान से गुजरात में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ उदयपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. फलासिया थाना पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान करीब 25 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप जब्त की है. तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी चालाकी धरी की धरी रह गई.

पौधों के नीचे सीक्रेट बॉक्स, कार कर रही थी एस्कॉर्ट

थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत हाईवे मोबाइल टीम में तैनात हेड कॉन्स्टेबल कांतिलाल को अवैध शराब तस्करी का इनपुट मिला था. इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत हाईवे पर मजबूत नाकाबंदी की. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक और उसे एस्कॉर्ट कर रही एक क्रेटा कार को रुकवाया.

तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए ट्रक के पिछले हिस्से में ढेर सारे पौधे भर रखे थे, ताकि दूर से देखने पर लगे कि इसमें नर्सरी के पौधे सप्लाई किए जा रहे हैं. लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली, तो ट्रक के अंदर मॉडिफाई करके बनाए गए सीक्रेट बॉक्स मिले. तस्करों ने केबिन की सीट के नीचे और आगे की तरफ विशेष केबिन बना रखे थे, जिनमें शराब की पेटियां बेहद शातिर तरीके से छिपाई गई थीं.

288 पेटी प्रीमियम शराब बरामद, आरोपी फरार

सीक्रेट बॉक्स को खोलने पर पुलिस को कुल 288 पेटी हरियाणा और राजस्थान निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें कई प्रीमियम ब्रांड्स की बोतलें शामिल थीं. बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है. हालांकि, कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे.

यह पूरी कार्रवाई खेरवाड़ा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अंजना सुखवाल और झाड़ोल डीएसपी विवेक सिंह राव के सुपरविजन में अंजाम दी गई. पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक कालूलाल को सौंपी है. फिलहाल फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *