Headlines

डूंगरपुर: रतनपुर बॉर्डर पर ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत बड़ी कार्रवाई, साइकिल पार्ट्स की आड़ में ले जाई जा रही 20 लाख की अवैध शराब जब्त; चालक गिरफ्तार

डूंगरपुर जिला पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक कंटेनर को रोककर तलाशी ली, जिसमें से करीब 20 लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब को साइकिल के पार्ट्स की आड़ में छिपा रखा था.

साइकिल पार्ट्स के नीचे छिपा रखे थे शराब के कार्टन

बिछीवाड़ा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रतनपुर बॉर्डर पर नियमित नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक कंटेनर को जांच के लिए रोका गया. चालक से पूछताछ करने पर उसने ट्रक में साइकिल के पार्ट्स लोड होने की बात कही और उससे संबंधित दस्तावेज भी दिखाए. हालांकि, पुलिस को चालक की हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद कंटेनर को खोलकर गहनता से तलाशी ली गई.

कंटेनर के अंदरूनी हिस्से में ऊपर तो साइकिल के पार्ट्स भरे हुए थे, लेकिन उनके ठीक नीचे अवैध शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे. पुलिस ने जब पूरा माल नीचे उतरवाया, तो कुल 244 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई. बरामद की गई शराब चंडीगढ़ निर्मित है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है.

हरियाणा का चालक गिरफ्तार, गुजरात होनी थी सप्लाई

पुलिस ने अवैध शराब और ट्रक को जब्त करते हुए मौके से ट्रक चालक नरेश कुमार निवासी हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया है. प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब की यह बड़ी खेप हरियाणा/चंडीगढ़ से लोड की गई थी और इसे गुजरात में सप्लाई करने के लिए ले जाया जा रहा था. बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े मुख्य सरगनाओं का पता लगाने में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *