बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के खानपुरा गांव में मंगलवार मध्य रात्रि को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ सड़क किनारे पैदल चल रहे एक युवक को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में पैदल चल रहे युवक सहित बाइक सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है.
देर रात घर लौट रहे युवक से टकराई तेज रफ्तार बाइक
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, खानपुरा निवासी पोंजा (पुंजा) मंगलवार रात करीब 12 बजे पैदल चलकर अपने घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान कुंडल निवासी मन्नालाल और बदिया अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. खानपुरा गांव के पास बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार बाइक सीधे पैदल चल रहे पोंजा से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए.
छोटी सरवन में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
देर रात अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सबसे पहले नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छोटी सरवन ले जाया गया. वहाँ डॉक्टरों ने तीनों की गंभीर स्थिति और शरीर पर आई चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.
एमजी अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
देर रात को ही तीनों घायलों को एमजी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में लाया गया, जहां ऑन-ड्यूटी डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से फिलहाल तीनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. आपातकालीन वार्ड में प्राथमिक उपचार पूरा होने के बाद उन्हें आगे की देखरेख के लिए सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है. दानपुर थाना पुलिस को भी हादसे की सूचना दे दी गई है.

