बांसवाड़ा घाटोल थाना क्षेत्र के गढ़ा खोड़ा कुवानिया गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. युवक ने आत्महत्या के लिए अपनी ही शर्ट का फंदा बनाया था. घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है.
रात को खाना खाकर निकला था घर से बाहर
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कल्पेश (22) पुत्र भाणजी निनामा के रूप में हुई है. घाटोल थाने के एएसआई अम्बालाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कल्पेश बुधवार रात को हमेशा की तरह घर पर परिजनों के साथ खाना खाकर बाहर निकला था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई. लेकिन रात अधिक होने के कारण वे उसे ढूंढ नहीं पाए.
सुबह पिता ने नाले के पास देखा शव
गुरुवार सुबह जब कल्पेश के पिता किसी काम से गांव के पास ही स्थित नाले की तरफ जा रहे थे, तभी उनकी नजर वहां खड़े एक कंजोड़ी के पेड़ पर पड़ी. पेड़ की टहनी पर कल्पेश का शव लटका हुआ था। युवक ने अपनी ही शर्ट को उतारकर उसका फंदा बनाया और फांसी लगा ली. बेटे का शव देखकर पिता के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. पिता की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और अन्य परिजन तुरंत मौके पर जमा हो गए.
पुलिस जांच में जुटी, कारणों का खुलासा नहीं
ग्रामीणों की सूचना के तुरंत बाद घाटोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और तुरंत स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया. पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर लिया है. गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है.
फिलहाल, युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है, मामले की गहन जांच जारी है.

