उदयपुर शहर में एक महिला ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर अपने ही पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है. पीड़ित महिला का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से उसके साथ बेरहमी से मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी दे रहा है. बार-बार शिकायत के बावजूद स्थानीय थाना पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के बाद पीड़िता को न्याय के लिए जिला पुलिस कप्तान के पास पहुंचना पड़ा.
देर रात धारदार हथियार लेकर पहुंचा पति
बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता आशा नगारची उर्फ बेबी नगारची ने एक लिखित ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में महिला ने बताया कि उसका पति लगातार उसके साथ हिंसक व्यवहार कर रहा है. हद तो तब हो गई जब मंगलवार को दिन में झगड़ा करने के बाद, पति देर रात करीब 12 बजे दो धारदार हथियार लेकर दोबारा घर धमक गया. उसने महिला और उसके मासूम बेटे को जान से मारने की सीधी धमकी दी.
पीड़िता का कहना है कि उसने पूर्व में 15 जून को भी पुलिस अधीक्षक के सामने पेश होकर प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन सुखेर थाना पुलिस ने इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की. महिला का यह भी गंभीर आरोप है कि मंगलवार देर रात की घटना के बाद जब उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, तो मौके पर आई पुलिस ने उल्टा उस पर ही कार्रवाई न कराने का दबाव बनाया.
पीड़िता के पास है पुख्ता वीडियो सबूत
विवाहिता ने दावा किया है कि आधी रात को पति द्वारा हथियार लहराने और जान से मारने की धमकी देने की पूरी वारदात का उसके पास वीडियो सबूत मौजूद है. इस वीडियो में उसका पति साफ तौर पर धमकी देता हुआ दिखाई दे रहा है. महिला ने यह सबूत भी पुलिस को सौंपने की बात कही है.
पीड़िता आशा नगारची ने एसपी से मांग की है कि:
- पूरे मामले की किसी निष्पक्ष अधिकारी से जांच कराई जाए.
- उसे और उसके बेटे को तुरंत सुरक्षा मुहैया कराई जाए.
- वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

