Headlines

सलूम्बर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रूरता से ट्रक में ठूंस रखी थीं 50 भैंसें, गौशाला भिजवाईं; 5 आरोपी गिरफ्तार

सलूम्बर जिले में अवैध गतिविधियों, पशु तस्करी और मूक पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सलूम्बर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने क्षमता से अधिक और बेहद अमानवीय तरीके से भैंसों से भरे एक बड़े ट्रक को जब्त किया है. इस कार्रवाई के दौरान ट्रक से कुल 50 पशुओं को मुक्त कराकर सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया.

गणेश घाटी के पास नाकाबंदी में पकड़ा ट्रक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्त और नाकाबंदी के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गणेश घाटी के रास्ते एक ट्रक में बड़ी संख्या में भैंसों को भरकर जयपुर की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही सतर्क हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रुकवाया और उसकी तलाशी ली.

ट्रक में लकड़ी के पट्टे लगा बना रखा था ‘डबल डेकर’

जब पुलिस ने ट्रक के पिछले हिस्से की जांच की, तो क्रूरता का खौफनाक मंजर सामने आया। तस्करों ने ट्रक के भीतर लकड़ी के पट्टे और पार्टिशन लगाकर ऊपर और नीचे दो स्तर (डबल डेकर) बना रखे थे. इनमें क्षमता से कई गुना अधिक पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था. ट्रक से कुल 50 मूक पशु मिले, जिनमें 33 भैंसें और 17 छोटे बछड़े (पाडे) शामिल थे. पशुओं के खड़े होने या हिलने-डुलने तक की जगह नहीं थी, जो प्रथम दृष्टया पशु क्रूरता का गंभीर मामला था.

इडाणा माता गौशाला भेजे गए पशु, हरियाणा के आरोपी भी शामिल

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त किया और सभी 50 पशुओं को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर इडाणा माता गौशाला पहुंचाया. वहां सभी पशुओं के लिए चारे-पानी, उपचार और समुचित देखभाल की व्यवस्था की गई है.

इस मामले में पुलिस ने ट्रक में सवार पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है. पूछताछ में उन्होंने अपने नाम:

  1. मुकेश पुत्र गोवर्धन (निवासी रामा का टांडा, आसपुर, सलूम्बर)
  2. लोकेश पुत्र गोवर्धन (निवासी रामा का टांडा, आसपुर, सलूम्बर)
  3. जीतू पुत्र रावण बंजारा (निवासी रामा का टांडा, आसपुर, सलूम्बर)
  4. शोएब पुत्र शमशुद्दीन (निवासी मलूका, पलवल, हरियाणा)
  5. जमशेद पुत्र शहजाद (निवासी मलूका, पलवल, हरियाणा) बताए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *