Headlines

खेरवाड़ा: दो सगे भाइयों के घरों से लाखों के जेवरात और नकदी पार, इलाके में सनसनी

खेरवाड़ा कस्बे के निचला खेरवाड़ा स्थित जयप्रकाश कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया. घनी आबादी के बीच शातिर चोरों ने एक साथ दो सगे भाइयों के सूने और आबाद मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपये की नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की इस बड़ी वारदात से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई है.

रसोई की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात बीती रात उस समय हुई जब पीड़ित हीरालाल पटेल के घर में उनकी पत्नी और बेटा सो रहे थे. चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में रसोईघर की खिड़की तोड़ी और अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों के जेवरात और नकदी समेट ली. इसके तुरंत बाद चोरों ने पास ही स्थित उनके छोटे भाई के मकान पर भी धावा बोला. वहां भी अलमारी और पलंग पेंटी (बेड) के ताले तोड़कर भारी मात्रा में कीमती गहने चोरी कर लिए.

हमले के इरादे से आए थे बदमाश

चोर इस वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी के साथ आए थे. पकड़े जाने के डर से उन्होंने पहले आसपास के सभी पड़ोसी घरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं. बदमाश अपने साथ मजबूत लकड़ी के लट्ठ (लाठियां) भी लेकर आए थे, जिन्हें वे घटना के बाद वहीं छोड़ गए. इससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि यदि परिवार का कोई सदस्य जाग जाता, तो चोर उन पर जानलेवा हमला करने की नीयत में थे.

रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी

घटना का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब पीड़ित परिवार के बड़े भाई मॉर्निंग वॉक के लिए उठें और उनके घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला. उन्होंने सामने रह रहे अपने बेटे को फोन कर बुलाया, तब जाकर दोनों घरों में हुई इस बड़ी चोरी का पता चला.

पीड़ित परिवार का दर्द: हीरालाल पटेल महज 10 दिन पहले ही रोजी-रोटी कमाने के लिए विदेश गए हैं. उन्होंने अपनी दो बेटियों की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर जो पूंजी जमा की थी, चोर उसे ले उड़े. घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

सूचना मिलते ही खेरवाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया. पीड़ित परिवार की ओर से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *