उदयपुर लेक सिटी उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. यहां एक रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े एक महिला से मोबाइल लूट के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस पूरी वारदात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कॉलोनी में टहल रही महिला पर झपटा बदमाश
घटना हिरणमगरी सेक्टर-8 स्थित संजीव नगर की है. जानकारी के अनुसार, जड़ाव नर्सरी के पास रहने वाली एक महिला अपनी ही कॉलोनी की सड़क पर सामान्य रूप से टहल रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार एक शातिर बदमाश की नजर महिला पर पड़ी. बदमाश पहले महिला के पास से गुजरा और कुछ दूरी पर जाकर उसने अपनी बाइक घुमाई. वापस आते ही उसने महिला के हाथ से मोबाइल छीनने के लिए जोरदार झपट्टा मारा.
CCTV के आधार पर लुटेरे की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद सहमी पीड़िता ने तुरंत इस घटना की जानकारी अपने परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही हिरणमगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और हुलिए के आधार पर शातिर बाइक सवार बदमाश की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

