प्रतापगढ़ जिले के मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. मध्य प्रदेश के पिपलोदा से प्रतापगढ़ आ रही ‘चौधरी ट्रेवल्स’ की एक निजी यात्री बस का अचानक एक्सल टूट गया. एक्सल टूटने से बस पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं. राहत की बात यह रही कि बस की रफ्तार बहुत अधिक नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.

मौके पर मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. बस के पलटते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े. ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ से बस के शीशे तोड़कर और गेट के रास्ते अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया. सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई. ग्रामीणों और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है.
अस्पताल पहुंचे आला अधिकारी, घायलों की हालत सामान्य
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव और कोतवाली थाना अधिकारी शंभू सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे. उन्होंने घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए. अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि बस में करीब 30 यात्री सवार थे. अचानक तकनीकी खराबी (एक्सल टूटने) के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा. फिलहाल सभी 10 घायलों की हालत खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है.
हादसे में ये यात्री हुए घायल
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव के अनुसार, घायलों में सोनू प्रजापत (19), नीतू मालवीय (20), नाथी बाई (60), प्रिया मीणा (15), रामसी (35), उषा कुमारी (19), आशा कुमारी (18), राधा कुमारी (20), भेरूलाल (62) और श्यामलाल (38) शामिल हैं. सभी घायलों का जिला अस्पताल में मुस्तैदी से इलाज जारी है.

