उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र में लूट की नीयत से बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गिरफ्तार आरोपी ईश्वर राव (25) की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है. पुलिस आरोपी को घटनास्थल के पीछे स्थित एक बाड़े में लेकर गई थी, जहां उसने वारदात के बाद चाकू फेंकने की बात कबूल की थी.

आर्थिक तंगी के कारण रची खौफनाक साजिश
कानोड़ थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि आरोपी ईश्वर राव फिलहाल दो दिन के पुलिस रिमांड पर है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने आर्थिक तंगी के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस अब उसके कब्जे से मृतका के गले से लूटा गया सोने का मादलिया बरामद करने का प्रयास कर रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का ननिहाल और मृतका का घर एक-दूसरे के बेहद करीब हैं, जिससे वह महिला के अकेले होने की बात जानता था.
अकेली पाकर बुजुर्ग महिला पर किया था हमला
यह दिल दहला देने वाली घटना 3 जुलाई की शाम कानोड़ के कुम्हारों का मोहल्ला क्षेत्र में हुई थी. यहां 75 वर्षीय घीसी बाई खटीक घर पर अकेली रहती थीं, जबकि उनके बच्चे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं. इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने पीछे से उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और गले से सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गया. तड़पती हुई महिला की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया.
कपड़े बदलकर भागा, परिवार ने भी छोड़ा मकान
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी तुरंत अपने घर पहुंचा, वहां उसने खून से सने कपड़े बदले और फरार हो गया. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद आरोपी का परिवार भी कानोड़ स्थित अपना मकान खाली कर वहां से चला गया. फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि लूटा गया सोना बरामद किया जा सके और मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके.

