डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवल गामड़ी गांव में मंगलवार रात चोरों ने जमकर उत्पाद मचाया. बेखौफ चोरों ने एक ही रात में पांच जगहों को निशाना बनाया, जिसमें से दो सूने घरों के ताले तोड़कर वे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ले गए. वहीं, तीन अन्य घरों और दुकानों में लोगों की जाग हो जाने के कारण बड़ी वारदात होने से बच गई. भागते समय चोर अपने धारदार हथियार भी मौके पर ही छोड़ गए. इस सामूहिक चोरी की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
सूने मकानों को बनाया निशाना, लाखों के जेवरात और नकदी साफ

गामड़ी देवल के सरपंच पति अशोक कुमार अहारी ने बताया कि चोरों ने सबसे बड़ी वारदात संजय कुमार नटवरलाल पंचाल के मकान में की. संजय का परिवार पिछले 15 दिनों से खेरवाड़ा गया हुआ था और घर सूना था. चोरों ने ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया और लोहे की पेटी में रखे 5 तोला सोने की चूड़ियां, 2 तोला सोने की चैन, 2 किलो चांदी के जेवर, 75 चांदी के मनके, 21 तोला चांदी की पायजेब और 10 हजार रुपये कैश बटोर ले गए.
इसके बाद चोरों ने नाथू धना यादव के घर को निशाना बनाया. यहाँ से भी वे सोने-चांदी के आभूषण और 80 हजार रुपये कैश ले उड़े। पीड़ित नाथू ने बताया कि उसने महज 5 दिन पहले ही एक समूह (लोन) से 50 हजार रुपये लिए थे, जो चोरी हो गए.
जाग होने पर भागे चोर
इसके बाद चोरों ने दला कचरा यादव की दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन अंदर सो रहे दला के जाग जाने से चोर भाग खड़े हुए. चोरों ने कालू रत्ना यादव और कुरीलाल भट्ट के घरों में भी सेंधमारी का प्रयास किया. कुरीलाल ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे आहट होने पर जब उन्होंने बाहर देखा, तो दो चोर भागते नजर आए. आशंका है कि उनके साथ कुछ और साथी भी थे। हड़बड़ाहट में चोर मौके पर ही धारिया और फेट जैसे धारदार हथियार छोड़ गए.
घटना के बाद सुबह मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर गहरा आक्रोश जताया है. लोगों का कहना है कि इससे पहले भी गांव में कई चोरियां हो चुकी हैं, जिनका पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है. ग्रामीणों ने सदर थाना पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है.

