Headlines

उदयपुर: चोरी की वारदातों से गुस्साए ग्रामीणों ने आधी रात को खुद संभाली गश्त, 12 चोरों में से 2 को दबोचा, चोरी की बाइक बरामद

उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के नांदेशमा गांव में लगातार बढ़ती चोरियों से परेशान ग्रामीणों ने पुलिस के भरोसे बैठने के बजाय खुद की सुरक्षा का बीड़ा उठाया. चोरों के बुलंद हौसलों को पस्त करने के लिए युवाओं ने गांव में रात को गश्त शुरू की थी. इस गश्त के तीसरे ही दिन ग्रामीणों को बड़ी सफलता हाथ लगी, जब उन्होंने आधी रात को घेराबंदी कर करीब एक दर्जन चोरों के गिरोह में से दो शातिर चोरों को रंगे हाथों दबोच लिया. पकड़े गए चोरों को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया.

यह पूरी घटना उदयपुर से करीब 58 किलोमीटर दूर नांदेशमा गांव की बीती रात करीब डेढ़ बजे की है. पिछले कुछ समय से नांदेशमा, ढोल, तिरोल और पानेर सहित आसपास के गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं।.हाल ही में चोरों ने चार मंदिरों सहित कई घरों को निशाना बनाया था, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश था.

पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ युवाओं ने बनाई टोलियां

चोरों को पकड़ने के लिए ग्रामीणों ने युवाओं की अलग-अलग टोलियां बनाईं और उन्हें गांव की गलियों में तैनात किया. गश्त के तीसरे दिन युवाओं के साथ पास की ढोल पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल गणपत सिंह भी मौजूद थे. रात करीब 1:30 बजे, जब नांदेशमा भाजपा युवा मोर्चा मंडल के उपाध्यक्ष कैलाश पालीवाल अन्य युवाओं के साथ बाजार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तो उन्हें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए.

युवाओं को अपनी ओर आता देख दोनों संदिग्ध बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन मुस्तैद ग्रामीणों ने करीब 300 मीटर तक पीछा कर उन्हें दबोच लिया. इसी दौरान गांव के अन्य रास्तों पर तैनात युवाओं को अलग-अलग बाइकों पर सवार करीब एक दर्जन से ज्यादा संदिग्ध भागते हुए दिखाई दिए.

चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, पूछताछ जारी

रात करीब 1:45 बजे ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों चोरों को मौके पर पहुंची पुलिस की ईआरवी 112 (ERV 112) गाड़ी के हवाले कर दिया. शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पास के ढोल गांव से एक मोटरसाइकिल चुराकर लाए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. सायरा थाने के एएसआई शंभूसिंह ने बताया कि पकड़े गए संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुट गई है. ग्रामीणों की इस जांबाजी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *