उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ सेक्टर 14 स्थित श्रीराम अपार्टमेंट के पास एक दोस्त ने ही मामूली विवाद के बाद अपने नर्सिंग छात्र मित्र की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस खौफनाक घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दोस्त को हिरासत (डिटेन) में ले लिया है.
बाइक को धक्का देने की बात पर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान दिनेश मीणा के रूप में हुई है. दिनेश बीती रात अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी बाइक ठीक करवाने जा रहा है. दिनेश के साथ उसके दो दोस्त ललित और एक अन्य युवक भी बाइक पर सवार थे. इसी दौरान श्रीराम अपार्टमेंट के पास बाइक को धक्का देने जैसी बेहद मामूली बात को लेकर दिनेश और ललित के बीच कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर ललित ने चाकू निकाला और दिनेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
चाकू लगने से दिनेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. गंभीर हालत में उसका दूसरा दोस्त उसे तुरंत एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया. मृतक के पिता दोलाराम मीणा ने बताया कि उन्हें रात करीब 10 बजे दिनेश के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली थी, लेकिन वहां पहुंचने पर बेटे की मौत की खबर मिली.
मोर्चरी के बाहर हंगामा, समझाइश में जुटी पुलिस

नर्सिंग छात्र की हत्या की खबर मिलते ही समाज के लोग और परिजन आक्रोशित हो गए. शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में मृतक के परिवार के सदस्य और परिचित एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर जमा हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
तनाव की स्थिति को देखते हुए सवीना थानाधिकारी गजवीर सिंह भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारी मोर्चरी के बाहर डटे आक्रोशित परिजनों से लगातार समझाइश कर रहे हैं और निष्पक्ष जांच व सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दे रहे हैं. पुलिस फिलहाल मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

