राजसमंद जिले की केलवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 68 लाख रुपये मूल्य का 453.64 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्लासिक (S-11) गाड़ी को जब्त किया है.
यह पूरी कार्रवाई उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत की गई. जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई और वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में केलवाड़ा थाना प्रभारी मन्मथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी की थी. इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए.
कट्टों में छिपाकर ले जाया जा रहा था डोडा पोस्त
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें छिपाकर रखे गए 23 प्लास्टिक के कट्टे मिले. जब इन कट्टों को खोलकर जांच की गई, तो उनमें कुल 453.64 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ पाया गया. पुलिस ने मादक पदार्थ और लग्जरी स्कॉर्पियो वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया. इस मामले में केलवाड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/15 के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसकी आगे की जांच एसएचओ सुभोध जांगिड़ को सौंपी गई है.
‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अब तक 2.13 करोड़ की जब्ती
केलवाड़ा पुलिस की मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ यह लगातार तीसरी बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक है. ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अब तक की गई इन तीन बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस कुल 2.13 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन स्कॉर्पियो गाड़ियां जब्त कर चुकी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी को पूरी तरह खत्म करने के लिए यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा.

