उदयपुर ‘लेक सिटी’ की शान और पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र कहे जाने वाले फतहसागर झील क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बटोरने का खतरनाक चलन तेजी से पैर पसार रहा है. हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक सनसनीखेज वीडियो ने यहां आने वाले सैकड़ों पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस वीडियो में एक युवक फतहसागर पाल पर पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच खुलेआम हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए रील बनाता नजर आ रहा है.
दबंगई दिखाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल
फतहसागर पर इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई बार स्थानीय और बाहरी युवकों द्वारा पाल पर डंडे, हॉकी और अन्य हथियारों के साथ वीडियो बनाकर अपनी कथित दबंगई और गुंडागर्दी का प्रदर्शन करने के मामले सामने आ चुके हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि ऐसे आपत्तिजनक वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर अपलोड हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई न होने से इन तत्वों के हौसले बुलंद हैं.
पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे!
फतहसागर पाल पर रोजाना देश-विदेश से आने वाले हजारों पर्यटक और स्थानीय निवासी अपने परिवार व छोटे बच्चों के साथ सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं. ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम हथियार लहराना किसी बड़ी अनहोनी को न्यौता देने जैसा है. जागरूक नागरिकों का सवाल है कि यदि इस हुड़दंग के दौरान कोई अप्रिय घटना या वारदात हो जाती है, तो उसकी जवाबदेही आखिर किसकी होगी?
बिना लाइसेंस वाले फोटोग्राफर्स का ‘रील नेटवर्क’
सूत्रों के मुताबिक, फतहसागर पाल पर लंबे समय से बिना लाइसेंस के कई अवैध फोटोग्राफर सक्रिय हैं. ये फोटोग्राफर 50 से 100 रुपये लेकर मोबाइल या कैमरे से फोटो-वीडियो बनाते हैं. आरोप है कि इन्हीं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कुछ युवक हथियारों के साथ रील्स तैयार करते हैं और फिर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर माहौल खराब करते हैं. यह पूरा खेल प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा है.
इससे पहले फतहसागर पाल पर नकली सांप से पर्यटकों को डराने वाले एक युवक को अंबामाता थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत हिरासत में लिया था. अब देखना यह है कि क्या पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर चाकू लहराने वाले युवक और उसके साथियों पर भी वैसी ही सख्त कार्रवाई करती है या पर्यटकों की सुरक्षा यूँ ही दांव पर लगी रहेगी.

