डूंगरपुर: बिछीवाड़ा में राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत ट्रॉमा सेंटर के निर्माण में हो रही देरी और प्रस्तावित भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को लेकर कांग्रेस अब पूरी तरह आक्रामक मूड में आ गई है. आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और त्वरित इलाज का अधिकार दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को 7 दिन का कड़ा अल्टीमेटम दिया है.

अतिक्रमण हटाकर तुरंत निर्माण कार्य शुरू करने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत ट्रॉमा सेंटर की भूमि पर भू-माफियाओं का अवैध कब्जा बना हुआ है, जिसके कारण निर्माण कार्य अटका पड़ा है. स्थानीय निवासियों को हादसों और आपातकालीन स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे अक्सर गंभीर मरीज अपनी जान गंवा बैठते हैं. कांग्रेस प्रतिनिधियों ने मांग की है कि प्रस्तावित भूमि से तुरंत अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए.
7 दिन में कार्रवाई नहीं तो अनिश्चितकालीन धरना
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिन के भीतर प्रशासन और सरकार ने अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो बिछीवाड़ा की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता उपखंड कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी.
बड़े पैमाने पर मौजूद रहे कांग्रेस कार्यकर्ता
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस सचिव लक्ष्मीचंद यादव, ब्लॉक अध्यक्ष दीक्षांत पाटीदार, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रमण भाई यादव, बिछीवाड़ा मंडल अध्यक्ष संजय जोशी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पवन गमेती, अजीत लबाना, धनपाल तबियाड, बेचर अहारी, शांतिलाल मोडिया, गोविंद मेणात, भावेश जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे.

