डूंगरपुर नेशनल हाईवे 48 (उदयपुर-अहमदाबाद मार्ग) पर वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टी लगाने के नाम पर चालकों से जबरन वसूली करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. जिला विशेष टीम (DST), बिछीवाड़ा थाना पुलिस और रतनपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
तीसरी आंख’ पर मिली गुप्त सूचना से पर्दाफाश
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस के ‘तीसरी आंख’ हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत मिली थी. सूचना में बताया गया कि रतनपुर पुलिस चौकी के पास रात के समय कुछ बदमाश वाहनों को जबरन रोककर रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टी लगाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं.
सूचना पर कार्रवाई करते हुए DST टीम ने पुलिस दल के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की. पुलिस ने पहले अपनी एक निजी गाड़ी को फर्जी टीम के पास भेजा. आरोपियों ने गाड़ी रोककर 300 रुपये मांगे और न देने पर वाहन जब्त करने की धमकी दी. इशारा मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर सभी 8 आरोपियों को धर दबोचा.
रिफ्लेक्टिव जैकेट और टॉर्च दिखाकर डराते थे बदमाश
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रात में रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनकर और हाथ में टॉर्च लेकर गाड़ियों को रोकते थे. खुद को अधिकृत बताकर ये चालकों को डराते-धमकाते थे और 100 से 300 रुपये लेकर फर्जी रसीद थमा देते थे. आरोपियों ने बताया कि उन्हें दिल्ली के एक व्यक्ति ने इस काम के लिए भेजा था.
अर्टिगा कार, फर्जी रसीदें और नकदी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 हजार रुपये नकद, एक अर्टिगा कार, बड़ी संख्या में फर्जी रसीद बुक्स, रेडियम पट्टियां, टॉर्च और मोबाइल फोन जब्त किए हैं. पुलिस मामला दर्ज कर गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है.

