Headlines

बांसवाड़ा: सेंट पॉल वैन हादसे के बाद पुलिस सख्त, 20 से अधिक स्कूल वाहन जब्त; दिए कड़े निर्देश

बांसवाड़ा सेंट पॉल स्कूल वैन हादसे में मासूम बच्चे की मौत के बाद जिला प्रशासन और बांसवाड़ा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है. विद्यार्थियों के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सुबह सघन जांच अभियान चलाकर 20 से अधिक स्कूल वाहनों को जब्त किया. वहीं, जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में स्कूल-कॉलेज संचालकों और चालकों की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई.

सुबह का औचक निरीक्षण: 20 से अधिक वाहन जब्त

हादसे के बाद हरकत में आई पुलिस टीमों ने शहर के कई निजी स्कूलों में औचक निरीक्षण किया. कोतवाली और सदर थाना पुलिस ने वाहनों के फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस और पंजीयन दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की. डिप्टी मनीष चारण ने बताया कि नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 20 से अधिक बाल वाहिनियों को तुरंत जब्त कर लिया गया. चालकों के लाइसेंस और पुलिस वेरिफिकेशन की भी जांच की गई.

‘मासूमों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं’

रिजर्व पुलिस लाइन में हुई बैठक में पुलिस और प्रशासन ने दो टूक कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों और राजस्थान सरकार के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करना होगा. पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने चालकों व प्रबंधकों को स्पष्ट हिदायत दी कि वाहनों में स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, जाली, परिचारक और यूनिफॉर्म अनिवार्य है. क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी.

जिले भर के थानों में बैठकें, अभियान रहेगा जारी

जिला मुख्यालय के अलावा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में भी स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों और वाहन चालकों के साथ बैठकें की गईं. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *