राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक एकदिवसीय दौरे पर बांसवाड़ा पहुँचे. यहाँ उन्होंने भाजपा ज़िला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की. बैठक में आगामी पंचायत राज व नगर निकाय चुनावों की रणनीतियों और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने पर गहन मंथन किया गया.
बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री गौतम दक ने पार्टी पदाधिकारियों को धरातल पर संगठन को और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के मद्देनज़र ब्लॉकवार कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जाएँ और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर ठोस रणनीति तैयार की जाए.
9 अगस्त से शुरू होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
बैठक में आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की रूपरेखा भी साझा की गई। मंत्री दक ने बताया कि 9 अगस्त से शुरू हो रहे इस अभियान के तहत ज़िले भर में भव्य तिरंगा रैलियाँ निकाली जाएँगी. स्वतंत्रता के इस पर्व में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. इसके साथ ही 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
विकास कार्यों के दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी भाजपा
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मंत्री गौतम दक ने कहा कि कांग्रेस के शासन में आपसी कलह ही हावी रही, जबकि वर्तमान राज्य सरकार पूर्ण एकजुटता के साथ जनहित में कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों और राज्य सरकार की ईआरसीपी (ERCP), यमुना जल समझौते व युवाओं को रोज़गार जैसी जनकल्याणकारी नीतियों को लेकर जनता के बीच जाएँगे. उन्होंने आगामी निकाय व पंचायत चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का दावा किया.

