डूंगरपुर शहर के एसबीपी कॉलेज के पीछे स्थित ‘वीर बाला काली बाई गर्ल्स हॉस्टल’ में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब हॉस्टल परिसर के भीतर एक अज्ञात पुरुष के खाट पर सोते हुए की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष की मौजूदगी की सूचना मिलते ही एबीवीपी (ABVP) के छात्र और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई.

जांच में फोटो की पुष्टि, बंद मिले सीसीटीवी कैमरे
पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल परिसर का निरीक्षण किया. हालांकि, जांच के दौरान खाट पर कोई व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन फोटो में दिख रही खाट, पीछे की जाली और पानी की बोतल हूबहू वही पाई गई. इससे यह स्पष्ट हो गया कि वायरल फोटो इसी गर्ल्स हॉस्टल के अंदर की है. आशंका जताई जा रही है कि पुलिस और छात्रों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया. कार्रवाई के दौरान हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
वार्डन ने बताया पति, छात्राओं ने जताई कड़ी आपत्ति

हॉस्टल में पुरुष की मौजूदगी पर छात्राओं ने सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश और आपत्ति व्यक्त की. पूछताछ के दौरान हॉस्टल वार्डन ने दावा किया कि फोटो में दिख रहा व्यक्ति उनका पति है. हालांकि, छात्राओं और छात्र संगठन ने गर्ल्स हॉस्टल जैसे संवेदनशील स्थान पर किसी भी पुरुष के ठहरने को नियमों का उल्लंघन और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है.
झाड़ियों में मिली बिना नंबर की बाइक जब्त

सघन तलाशी के दौरान पुलिस को हॉस्टल के पास झाड़ियों में एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध बाइक खड़ी मिली. हॉस्टल में मौजूद किसी भी व्यक्ति द्वारा बाइक पर अपना हक न जताने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वार्डन से भी पूछताछ की जा रही है.

