बांसवाड़ा जिले के पाटन थाना इलाके में एक बेहद हैरान और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक हाथी वाले बाबा पर महज ₹500 के विवाद में एक युवक पर हाथी से जानलेवा हमला करवाने का गंभीर आरोप लगा है. हाथी ने युवक को अपनी सूंड से हवा में उछालकर जमीन पर पटका और फिर उसकी छाती पर अपना भारी-भरकम पैर रख दिया. इस भयानक हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है.
₹20 देने के बाद मांगे ₹500, मना करने पर भड़के बाबा
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात गुरुवार शाम करीब 7 बजे की है. पणदा निवासी 50 वर्षीय प्रभु (पुत्र हकरिया भील) शाम को अपने घर से पास के गांव छोटी सरवा में आटा पिसाने के लिए गया हुआ था. जब वह चक्की से लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे एक हाथी वाले बाबा मिले. प्रभु ने श्रद्धावश बाबा को ₹20 दिए. आरोप है कि बाबा ने ₹20 तो रख लिए, लेकिन इसके बाद वे प्रभु से ₹500 की और मांग करने लगे. जब प्रभु ने इतनी बड़ी रकम देने से मना किया, तो हाथी पर बैठे बाबा गुस्से से लाल-पीले हो गए और उन्होंने हाथी को हमला करने का इशारा कर दिया.
गंभीर हालत में उदयपुर रेफर, आरोपी बाबा फरार
बाबा के उकसाने पर हाथी ने प्रभु को सूंड से जकड़कर नीचे गिरा दिया और उसकी छाती पर पैर रख दिया. वारदात के बाद आरोपी बाबा अपने हाथी के साथ मौके से भाग निकला. लहूलुहान हालत में तड़प रहे प्रभु को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत कुशलगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति के कारण उसे जिला अस्पताल और फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया.
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस भी एक्शन में आई. पाटन थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक के रास्ते से गुजरने के दौरान हाथी के भड़कने और उसे गिराने की बात सामने आई है. पुलिस ने सूचना के बाद हाथी वाले बाबा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में पैसों के लिए जानबूझकर हमला करवाने की बात अभी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

